लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के 28 रेल कर्मचारी 28 फरवरी 2026 को अपनी दीर्घ एवं समर्पित सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इन कर्मचारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न विभागों में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उत्कृष्ट सेवा भाव के साथ रेलवे की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर 27 फरवरी 2026 को मंडल कार्यालय के सभागार में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल कार्मिक अधिकारी रमेश चंद्र बैरवा द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वागत के साथ किया गया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ, शूरवीर सिंह चौहान ने सभी कर्मचारियों को समापक भुगतान प्रपत्र प्रदान किए। समारोह में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त साथियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

समारोह के दौरान प्रत्येक सेवानिवृत्त कर्मचारी को समापक भुगतान संबंधी दस्तावेज प्रदान किए गए। संबंधित समस्त देयकों का भुगतान कर्मचारियों के नामांकित बैंक खातों में आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से सीधे प्रेषित किया जाएगा, जिससे राशि स्वतः उनके खातों में जमा हो जाएगी। इस प्रक्रिया से पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित की गई है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ, सुनील कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की निष्ठापूर्ण सेवाओं की सराहना की। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना की। समारोह भावुक वातावरण में सम्पन्न हुआ, जहां सहकर्मियों ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ बिताए पलों को याद किया और उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
![]()














