सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी बीएन सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में पवित्र रमजान माह, होलिका दहन एवं रंगभरी होली के पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन, धर्मगुरु, उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विगत वर्षों में होली पर्व के दौरान सामने आई कमियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। धर्मगुरुओं एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने होली एवं रमजान माह के दौरान शाम के समय पर्याप्त विद्युत आपूर्ति और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी। साथ ही चिकित्सा, सुरक्षा एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था के लिए भी सुझाव दिए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दुरुस्त की जाएं, ताकि आगामी त्योहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि होलिका दहन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को देखते हुए भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और संभावित स्थलों व रूटों पर सतत निगरानी रखी जाए।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के सभी चिकित्सालयों में आपातकालीन सेवाएं सुदृढ़ रखी जाएं तथा बर्न यूनिट को अलर्ट मोड में रखा जाए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को बाजार में बिकने वाली खाद्य सामग्री की जांच के लिए टीम गठित कर सतत निगरानी करने तथा मिलावट पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड राबर्ट्सगंज एवं पिपरी को निर्देशित किया गया कि होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण कर विद्युत पोल या तारों के समीप बनाई गई होलिकाओं को सुरक्षित स्थान पर स्थापित कराया जाए तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल टैंकर व्यवस्था एवं होलिका स्थलों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला आबकारी विभाग को सख्त निर्देश दिए गए कि त्योहारों के दौरान जहरीली शराब के निर्माण एवं बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जाए। अंतर्राज्यीय सीमाओं पर पुलिस बल के साथ संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाकर अवैध शराब पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि होली, रमजान एवं ईद को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। सोशल मीडिया पर नजर रखते हुए धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले पोस्ट करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ पंकज कुमार राय, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार, पुलिस उपाधीक्षक रणधीर मिश्रा, जल निगम, पीडब्ल्यूडी, विद्युत विभाग के अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
![]()














