लखनऊ/एबीएन न्यूज। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए लखनऊ मंडल ने Lucknow Junction railway station के प्रवेश द्वार पर दृष्टिहीन और दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए ब्रेल लिपि में बना स्टेशन परिसर का नक्शा स्थापित किया है। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग यात्रियों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्टेशन परिसर में आसानी से मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
यह व्यवस्था मंडल रेल प्रबंधक Gaurav Agrawal के मार्गदर्शन में की गई है। ब्रेल एक स्पर्श आधारित प्रणाली है, जिसे उंगलियों के पोरों से छूकर पढ़ा जाता है। इस प्रणाली के माध्यम से दृष्टिहीन व्यक्ति अक्षरों और प्रतीकों को महसूस कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
ब्रेल लिपि में बनाए गए इस नक्शे की मदद से दृष्टिहीन यात्री बिना किसी की सहायता के स्टेशन परिसर में मौजूद विभिन्न सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसमें पार्किंग एरिया, आरपीएफ पोस्ट, जीआरपी पोस्ट, स्टेशन निदेशक कार्यालय, कैबवे रोड, पार्सल कार्यालय, चाइल्ड लाइन, प्रथम तल के लिए सीढ़ियां, यात्री विश्राम स्थल, आईआरसीटीसी कक्ष और डॉरमेट्री, प्रवेश और निकास द्वार, दिव्यांग रैंप, पैसेंजर हॉल, पूछताछ केंद्र, टिकट वेंडिंग मशीन, आधार केंद्र, टिकट काउंटर, पेयजल, प्रसाधन, फूड ट्रैक, क्लॉक रूम, एसी यात्री विश्रामालय, बैटरी कार स्टैंड, लिफ्ट, सीढ़ियां, फुट ओवर ब्रिज और एस्केलेटर जैसी सुविधाओं का मार्ग दर्शाया गया है।
इसके अलावा नक्शे में दुर्गापुरी और चारबाग मेट्रो स्टेशन की दिशा, प्लेटफार्म तक पहुंचने का मार्ग तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी भी शामिल की गई है। दृष्टिहीन यात्री इस नक्शे को स्पर्श कर स्टेशन परिसर में अपनी आवश्यकतानुसार स्थानों तक पहुंचने का रास्ता आसानी से जान सकेंगे।
लखनऊ मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए की गई यह पहल दृष्टिहीन और दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी और लाभदायक साबित होगी। इससे उन्हें रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित और सहज यात्रा अनुभव प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
![]()













