दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। हाथीनाला थाना क्षेत्र से लगभग 3 किलोमीटर दूर गुरुवार को एक चलती बाइक से गिरने से महिला की मौत हो गई। महिला अपने बहन और बहनोई के साथ अपने गांव करि (ओबरा) से रेनुकूट अपनी तीसरी बहन के घर जा रही थी, जब यह दुर्घटना हुई।
मृतका की पहचान निक्की देवी (उम्र 32 वर्ष) पत्नी सोमारू, निवासी ग्राम करि, ओबरा के रूप में हुई है। वह अपने बहन और छोटे बहनोई शम्भू शर्मा (पुत्र भागीरथ शर्मा) के साथ बाइक से यात्रा कर रही थीं। बाइक चलते समय संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। साथ में उनका लगभग 2 वर्ष का छोटा बच्चा भी था, जो सुरक्षित बताया जा रहा है।
राह चलते राहगीरों ने घटना की सूचना हाथीनाला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी लाया गया, जहां डॉ. विनोद सिंह ने महिला को मृत घोषित कर दिया।