लखनऊ/एबीएन न्यूज। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार चल रहे संरक्षा ड्राइव के तहत पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा गोंडा स्थित आरओएच डिपो में द्वितीय सेमिनार आयोजित किया गया। इस सेमिनार की अध्यक्षता मुख्य चल स्टॉक इंजीनियर/फ्रेट एवं ईएनएचएम, गोरखपुर श्री अनिल कुमार ने की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व्हील डिफेक्ट, सीसीएसबी, सेंटर पिवट असेंबली और अनइवेन ब्रेक ब्लॉक वीयर जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी बिंदुओं पर चर्चा कर संरक्षा मानकों को और मजबूत करना रहा। इस दौरान आरओएच फ्रेट एवं कोचिंग गोंडा के पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों को रेल मंत्रालय द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के पालन हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें संरक्षित कार्य प्रणाली अपनाने और आधुनिक संरक्षा तकनीकों की जानकारी दी गई।
सेमिनार में आयोजित प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता में कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया। विशेष रूप से महिला कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी कार्यक्रम का आकर्षण रही।

इस अवसर पर सीडीओ/गोंडा, फ्रेट एवं कोचिंग के पर्यवेक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने स्पष्ट किया कि रेल परिचालन में उच्चतम सुरक्षा मानकों के पालन हेतु ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
![]()












