लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए लखनऊ सिटी रेलवे स्टेशन को पूर्ण रूप से महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित स्टेशन के रूप में स्थापित किया है। यह कदम न केवल रेलवे संगठन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का प्रतीक है, बल्कि ‘नारी शक्ति – राष्ट्र शक्ति’ की भावना को भी साकार करता है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल एवं महिला कल्याण संगठन, लखनऊ की अध्यक्षा श्रीमती श्रुति गुप्ता की उपस्थिति में स्टेशन के महिला संचालन का शुभारंभ एवं ‘अमृत संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ का कार्य लखनऊ सिटी स्टेशन की वरिष्ठतम रेलकर्मी श्रीमती विजय लक्ष्मी पांडे, मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक द्वारा फीता काटकर किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा, “लखनऊ सिटी स्टेशन का पूर्ण महिला संचालन ‘नारी शक्ति-राष्ट्र शक्ति’ की भावना का प्रतीक है। यह पहल महिलाओं की क्षमता, आत्मविश्वास और समर्पण को दर्शाती है। रेलवे जैसे विशाल संगठन में परिचालन, टिकटिंग, सुरक्षा और तकनीकी जिम्मेदारियां महिलाओं द्वारा निभाया जाना गर्व की बात है।”

अब लखनऊ सिटी स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक, आरक्षण पर्यवेक्षक, टिकट संग्राहक, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), कॉटावाला, सिगनल मेंटेनर और सफाईकर्मी जैसी सभी जिम्मेदारियां महिला कर्मचारियों द्वारा निभाई जाएंगी। यह स्टेशन 24 घंटे महिला नेतृत्व में संचालित होगा, जिससे यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

‘अमृत संवाद’ कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक ने कर्मचारियों, यात्रियों और मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद किया। इस अवसर पर उपमहानिरीक्षक जगजीवन राम अकादमी, वरिष्ठ मंडल अधिकारीगण, जनसंपर्क अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। यह पहल न केवल रेलवे में महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी, बल्कि यह समाज में अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
![]()












