वाराणसी/जनमत न्यूज। भारत के आधुनिक रेल नेटवर्क को नई गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इनमें बनारस–खजुराहो वंदे भारत, फिरोजपुर–दिल्ली वंदे भारत, लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत और एर्नाकुलम–बेंगलुरु वंदे भारत शामिल हैं। इन ट्रेनों के शुभारंभ के साथ ही देश में वंदे भारत एक्सप्रेस की कुल संख्या अब 160 से अधिक हो गई है।
प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि बुनियादी ढांचे का विकास ही किसी भी देश की प्रगति की रीढ़ होता है। उन्होंने बताया कि भारत अब तेज़ी से उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहाँ आधुनिक रेल सेवाएँ नागरिकों की जीवनशैली में क्रांतिकारी बदलाव ला रही हैं।
वाराणसी जंक्शन पर बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस के प्रथम आगमन के दौरान रेलवे अधिकारियों और यात्रियों ने ट्रेन का भव्य स्वागत किया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री कुलदीप तिवारी, स्टेशन निदेशक श्री अर्पित गुप्ता सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने लोको पायलट को पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।

स्टेशन परिसर को फूलों से सजाया गया और देशभक्ति गीतों के बीच ट्रेन का पारंपरिक स्वागत किया गया। उपस्थित यात्रियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ ट्रेन का स्वागत किया, जिससे पूरा स्टेशन देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा।

बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस (26422) सप्ताह में छह दिन (गुरुवार छोड़कर) चलेगी। यह ट्रेन सुबह 5:25 बजे वाराणसी से रवाना होकर 13:10 बजे खजुराहो पहुंचेगी। वापसी में खजुराहो–बनारस वंदे भारत (26421) दोपहर 3:20 बजे खजुराहो से चलकर रात 11:00 बजे बनारस पहुंचेगी। इसके प्रमुख ठहराव वाराणसी जं., विंध्याचल, प्रयागराज छिवकी, चित्रकूटधाम, बांदा और महोबा स्टेशनों पर होंगे।

यह अत्याधुनिक वंदे भारत ट्रेन उत्तर प्रदेश के धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली एक अहम कड़ी साबित होगी। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए अनेक आधुनिक तकनीकें शामिल की गई हैं—
- स्वचालित दरवाज़े
- जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली
- आरामदायक रीक्लाइनिंग सीटें
- ऊर्जा-कुशल वातानुकूलन
- आधुनिक सुरक्षा और फायर अलार्म सिस्टम
इस ट्रेन के संचालन से वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी और पर्यटन व तीर्थ यात्रा को बढ़ावा मिलेगा। वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रियों के लिए न केवल तेज़ बल्कि सुरक्षित, स्वच्छ और आरामदायक रेल यात्रा का नया अनुभव लेकर आई है।
![]()












