सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी बीएन सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे आयुष्मान कार्डों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सीएचओ, डीपीएम, एमवाईसी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में और अधिक तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है और इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। आयुष्मान कार्ड निर्माण में किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सीएचओ एवं डीपीएम द्वारा आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जिन स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्य में ढिलाई बरती जा रही है, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। लक्ष्य के अनुरूप कार्य न करने पर संबंधित सीएचओ एवं डीपीएम की सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी सीएचओ को अपनी आईडी तत्काल सक्रिय कराने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम एवं वार्ड स्तर पर विशेष अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित की जाए तथा कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं। प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज राय, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी, सीएचओ, एमवाईसी एवं डीपीएम उपस्थित रहे।
![]()













