सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी बीएन सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में नवीन व्यवस्था के अंतर्गत सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत निर्धारित समयावधि में पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नमामि गंगे विभाग के अंतर्गत “हर घर नल से जल” योजना की प्रगति का विशेष रूप से अवलोकन किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता, जल निगम को निर्देशित किया कि जिन पेयजल परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उनके माध्यम से संबंधित गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही ऐसे गांवों में जिला पंचायत विभाग द्वारा टैंकर से जलापूर्ति न की जाए। जिन गांवों में परियोजना के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है, उनकी सूची जल निगम द्वारा जिला पंचायत राज अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन अधिकारियों के विरुद्ध असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त होगा, उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर जनसमस्याओं का समाधान करें और शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतें।
जिलाधिकारी ने विकास कार्यों, लाभार्थीपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि यदि कार्यों में शिथिलता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय कार्रवाई हेतु उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतपाल वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, डीसी मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए एसके राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()














