सोनभद्र/एबीएन न्यूज। विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयुष्मान कार्ड निर्माण और फार्मर रजिस्ट्री के प्रगति कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि दोनों योजनाएं जनकल्याण से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण पहल हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
मंडलायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ समय पर पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, कोटेदार, आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाए जा सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए और कार्यों में तेजी लाई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाई गई तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस कार्य में भी तेजी लाई जाए और किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
बैठक में जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()














