सोनभद्र/एबीएन न्यूज। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अंतर्गत द्वितीय बैठक आयुक्त विंध्याचल मंडल एवं रोल ऑब्जर्वर राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में 1 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान आयोग द्वारा निर्धारित चेकलिस्ट के आधार पर बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों ने अवगत कराया कि संबंधित प्रपत्रों की समीक्षा की जा चुकी है और आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
मंडलायुक्त ने उन 20-20 मतदेय स्थलों की विशेष समीक्षा की, जहां सबसे अधिक नाम जोड़े गए या हटाए गए हैं। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रति मतदेय स्थल औसत नाम परिवर्धन और अपमार्जन की स्थिति का भी आकलन किया गया। इस दौरान घोरावल क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत की गई, जबकि रॉबर्ट्सगंज, ओबरा और दुद्धी क्षेत्रों में औसत के संबंध में प्रस्तुत विवरण पर असंतोष व्यक्त किया गया।
मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता से लेते हुए पुनः जांच सुनिश्चित की जाए। बैठक में सीमावर्ती मतदेय स्थलों तथा मतदाता सूची में संभावित डुप्लीकेट नामों के संबंध में भी चर्चा की गई। दुद्धी क्षेत्र में कुछ नामों के संदिग्ध होने की जानकारी पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए सभी मामलों का पुनः सत्यापन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विवाह के कारण मतदाताओं के स्थानांतरण के मामलों में भी उचित जांच की जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा पूरी प्रक्रिया की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है, इसलिए सभी अधिकारी पूर्ण पारदर्शिता और गंभीरता के साथ कार्य करें, ताकि पुनरीक्षण के बाद किसी प्रकार की शिकायत की स्थिति उत्पन्न न हो।

जिला निर्वाचन अधिकारी बी.एन. सिंह ने भी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ईपिक कार्ड के संबंध में सभी मतदाताओं के फोटो स्पष्ट और सही होने चाहिए तथा वितरण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि ईपिक से संबंधित नई प्रक्रिया 6 जनवरी 2026 से लागू की गई है, जिसके तहत कार्यों को अद्यतन किया जा रहा है।
बैठक में संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पुनरीक्षण कार्य को शत-प्रतिशत शुद्धता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी सदर उत्कर्ष द्विवेदी, उप जिलाधिकारी घोरावल आशीष त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी दुद्धी निखिल यादव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल, तहसीलदार सदर अमित कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












