सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद के असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं छोटे व्यापारियों के सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना एवं राष्ट्रीय पेंशन योजना में अधिक से अधिक पंजीकरण कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिक और छोटे व्यापारी अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के अंतर्गत ऐसे असंगठित श्रमिक पात्र हैं, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये तक है तथा आयु 18 से 40 वर्ष के बीच है और जो ईएसआई या ईपीएफ से आच्छादित नहीं हैं। वहीं राष्ट्रीय पेंशन योजना के तहत छोटे व्यापारी, दुकानदार और स्व-नियोजित व्यक्ति, जिनका वार्षिक कारोबार 1 करोड़ 50 लाख रुपये तक है तथा जो आयकर दाता नहीं हैं, योजना का लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों योजनाओं में पंजीकरण की प्रक्रिया काफी सरल है। इच्छुक लाभार्थी आधार कार्ड, बैंक पासबुक और फोटो के साथ अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर आसानी से पंजीकरण करा सकते हैं। आय या कारोबार से संबंधित किसी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है, बल्कि स्वयं की घोषणा ही पर्याप्त मानी जाएगी।
योजना के अंतर्गत लाभार्थी को अपनी आयु के अनुसार 55 रुपये से 200 रुपये प्रतिमाह तक अंशदान जमा करना होता है, जिसमें समान अंशदान भारत सरकार द्वारा भी दिया जाता है। 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर लाभार्थी को 3,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन के रूप में प्रदान किए जाते हैं।
इसके साथ ही लाभार्थी की मृत्यु के पश्चात उसके जीवनसाथी को 50 प्रतिशत पारिवारिक पेंशन देने का प्रावधान भी है। यदि कोई लाभार्थी बीच में योजना छोड़ना चाहता है तो उसकी जमा राशि ब्याज सहित वापस कर दी जाती है। मृत्यु या स्थायी अपंगता की स्थिति में जीवनसाथी योजना को आगे जारी रख सकता है या जमा धनराशि वापस प्राप्त कर सकता है। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने जनपद के सभी पात्र श्रमिकों और छोटे व्यापारियों से अपील की है कि वे इन योजनाओं में शीघ्र पंजीकरण कराकर अपने भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाएं।
![]()













