सोनभद्र/एबीएन न्यूज। स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर जनपद सोनभद्र में आज भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया। इस रैली में पुलिस विभाग, जिला पंचायत, नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़े उत्साह के साथ शामिल हुए।
रैली कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर सर्ण जयतीं चौराहा, बढ़ौली चौराहा होते हुए रामलीला मैदान तक पहुंची। पूरे मार्ग में तिरंगे की शान और देशभक्ति के नारे गूंजते रहे, जिससे जनमानस में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह चरम पर दिखाई दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि प्रत्येक नागरिक अपने आवास, विद्यालय और सरकारी कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज को झंडा संहिता का पालन करते हुए फहराएं। उन्होंने बताया कि ध्वज फहराते समय सदैव केसरिया रंग की पट्टी ऊपर की ओर होनी चाहिए। सरकारी परिसर में झंडा सूर्योदय के बाद फहराया जाए और सूर्यास्त के बाद सम्मानपूर्वक उतारा जाए।
निजी आवास और प्रतिष्ठानों पर लगाए गए झंडों को भी निर्धारित समय के बाद आदरपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि झंडे को कभी भी फेंका नहीं जाए, बल्कि उसे धरोहर के रूप में फोल्ड कर सुरक्षित रखा जाए।
रामलीला मैदान में आयोजित सभा में मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित जनमानस को संबोधित करते हुए कहा कि हर घर पर झंडा विधिवत तरीके से लगाया जाए। आधा झुका, फटा या मैला झंडा फहराना निषेध है। उन्होंने सभी से “हर घर तिरंगा” अभियान में भागीदार बनने का आह्वान किया।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानजनक स्थान पर लगाया जाए, अन्य किसी ध्वज या पताका को राष्ट्रीय ध्वज से ऊंचा या बराबर में न रखा जाए, और ध्वज पर कुछ भी लिखा या छापा न हो। इसके अलावा, ध्वज को किसी वस्तु को प्राप्त करने, देने, पकड़ने या ले जाने के पात्र के रूप में प्रयोग नहीं किया जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ तिरंगा रैली को सफल बनाया।
![]()












